हिमाचल: छात्र आंदोलन के आगे झुका HPU, फीस में 10 फीसदी कटौती, छात्रावास शुल्क में बढ़ोतरी भी वापस


शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में फीस वृद्धि के खिलाफ लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। छात्र आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सामान्य फीस में 10 फीसदी तक कटौती करने का फैसला लिया है। शुक्रवार को नई फीस दरों को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई।
फीस में 10 फीसदी तक कटौती:
विश्वविद्यालय ने सामान्य फीस में 10 फीसदी कटौती के साथ तीन अन्य शुल्कों में भी संशोधन किया है। स्नातक पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,000 रुपये से घटाकर 500 रुपये, स्नातकोत्तर पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1,200 रुपये से घटाकर 600 रुपये और सुधार शुल्क 1,200 रुपये से घटाकर 800 रुपये कर दिया गया है।
हॉस्टल फीस बढ़ोतरी भी वापस:
छात्रों के लिए एक और बड़ी राहत यह है कि छात्रावास शुल्क में की गई 25 फीसदी बढ़ोतरी पूरी तरह वापस होगी। अब हॉस्टलों में पहले लागू शुल्क संरचना ही प्रभावी रहेगी।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि संशोधित फीस केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू होगी। पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों को संशोधित फीस के दायरे से बाहर रखा गया है।
छात्र आंदोलन के बाद लिया गया फैसला:
फीस वृद्धि को लेकर 28 मार्च को कार्यकारिणी परिषद की बैठक में फैसला होने के बाद से ही छात्र संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। एबीवीपी और एसएफआई ने बढ़ी फीस के खिलाफ आंदोलन किया। इसके बाद विश्वविद्यालय में गठित उच्चस्तरीय समिति ने शुल्कों का अध्ययन कर अपनी सिफारिशें तैयार कीं।
कुलपति आचार्य महावीर सिंह ने समिति की रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिसके बाद फीस में कटौती का निर्णय लिया गया।
BA, BCA और BTech की फीस भी घटेगी:
बीए की फीस 5,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई थी। अब 10 फीसदी कटौती के बाद यह करीब 4,950 रुपये होगी। बीसीए की फीस 33,000 रुपये से घटकर 29,700 रुपये होगी। परीक्षा शुल्क 1,600 रुपये से घटकर 1,440 रुपये रहेगा।
वहीं, HPU यूआईटी में बीटेक की फीस 90,939 रुपये से घटकर 81,845 रुपये हो जाएगी।
इस फैसले को फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है।




