ताज़ा खबरेंसोलनहिमाचल

24 घंटे में दूसरी वारदात से सोलन में मचा हड़कंप! चौक बाजार में चा#कूबाजी में युवक की मौ#त, दो घायल… सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल

Oplus_131072



सोलन। सोलन शहर के सबसे व्यस्त चौक बाजार में शुक्रवार देर शाम दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


जानकारी के अनुसार, देर शाम करीब 8 बजे युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान मंथन नामक युवक ने कालका निवासी 24 वर्षीय अमन पर चाकू से हमला कर दिया। झड़प में मंथन की एक उंगली भी कट गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अंकुश को भी गंभीर चोटें आईं।


घायल तीनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। मंथन और अंकुश का अस्पताल में उपचार कराया गया।


दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंथन व अंकुश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर विवाद किस वजह से हुआ।


बताया जा रहा है कि युवकों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार को दोबारा आमना-सामना होने के बाद पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया।


एसपी और एएसपी अस्पताल पहुंचे
घटना के बाद एसपी सोलन टी. साई वर्मा और एएसपी सोलन रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने आरोपियों से पूछताछ की। उपचार के बाद दोनों को सदर थाना ले जाया गया।


एसपी टी. साई वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। झगड़े की वजह को लेकर पूछताछ जारी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसपी ने कहा कि शहर में इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी।


24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
इस घटना ने सोलन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे करीब 24 घंटे पहले शहर में शराब ठेके के सेल्समैन पर बेलचे से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। इस मामले में भी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था।


लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं के बाद शहर के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है और पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with