ताज़ा खबरेंराजनीतिहिमाचल

हिमाचल में कैबिनेट विस्तार से पहले सियासी हलचल तेज, CM सुक्खू समेत आधे से ज्यादा मंत्री दिल्ली में; एक मंत्री हो सकता है ड्रॉप



शिमला, 9 सितंबर 2026। हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत आधे से ज्यादा कैबिनेट मंत्री नई दिल्ली पहुंच गए हैं। कांग्रेस हाईकमान के साथ मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर मंथन की चर्चाएं तेज हैं।


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले से ही दिल्ली में हैं। सोमवार को उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार और हर्षवर्धन चौहान भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। रोहित ठाकुर पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। हालांकि मुख्यमंत्री बुधवार शाम तक शिमला लौट सकते हैं।


कैबिनेट में एक पद पहले से खाली
हिमाचल मंत्रिमंडल में वर्तमान में एक पद रिक्त चल रहा है। इसी पद को भरने के साथ-साथ कैबिनेट में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन का आकलन कर रहा है। ऐसे में किसी नए और मजबूत नेता को मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए कम सक्रिय माने जा रहे किसी मौजूदा मंत्री को हटाया भी जा सकता है।


सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे
मंत्री पद की दौड़ में कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी उनके मंत्री बनने के संकेत पहले दे चुके हैं। इसके अलावा पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल और एक अन्य वरिष्ठ विधायक भी मंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं।


एक मंत्री के विभाग में भी हो सकता है बदलाव
कैबिनेट विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है। क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस हाईकमान अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति के तहत कैबिनेट में बदलाव कर सकता है।


सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए चेहरे की एंट्री के साथ क्या किसी मौजूदा मंत्री की कैबिनेट से छुट्टी होगी? दिल्ली में चल रही बैठकों और हाईकमान के साथ मंथन के बाद तस्वीर जल्द साफ होने की उम्मीद है। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with