खेलताज़ा खबरेंहिमाचल

धर्मशाला से छिनी बड़े मुकाबले की मेजबानी! बारिश और खराब आउटफील्ड ने बिगाड़ा खेल, अब मोहाली में भिड़ेंगी भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमें


धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को लगातार बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण एक बड़े मुकाबले की मेजबानी से हाथ धोना पड़ा है। भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमों के बीच 29 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रस्तावित मल्टी-डे मुकाबला अब धर्मशाला के बजाय मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा।
लगातार बारिश के कारण धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की आउटफील्ड को काफी नुकसान पहुंचा है। मैदान के कई हिस्सों में घास खराब होने के साथ बड़े-बड़े पैच उभर आए हैं। ऐसे में मुकाबले से पहले मैदान को पूरी तरह मैच के लिए तैयार करना चुनौती बन गया था।
बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर आशीष भौमिक ने बीते रविवार को धर्मशाला स्टेडियम की आउटफील्ड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद मुकाबले का स्थल बदलने का फैसला लिया गया और अब यह मैच मोहाली में आयोजित किया जाएगा।
पहले यह मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सुबह 9:30 बजे धर्मशाला में खेला जाना प्रस्तावित था। लेकिन लगातार बारिश, मैदान में नमी और आउटफील्ड पर खराब घास के कारण धर्मशाला की मेजबानी पर सवाल खड़े हो गए।
2023 में भी धर्मशाला से शिफ्ट हुआ था मुकाबला
खराब आउटफील्ड के कारण धर्मशाला से किसी बड़े मुकाबले को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने का यह पहला मामला नहीं है। 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रस्तावित टेस्ट मैच भी आउटफील्ड की खराब स्थिति के चलते धर्मशाला से इंदौर शिफ्ट किया गया था।
एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि बीसीसीआई के मुख्य क्यूरेटर ने आउटफील्ड का निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि एचपीसीए पहले ही बीसीसीआई को अवगत करा चुका था कि अगस्त-सितंबर के दौरान धर्मशाला में अधिक बारिश होती है और इस अवधि में यहां मुकाबले नहीं करवाए जाने चाहिए।
लगातार बारिश के चलते एक बार फिर धर्मशाला स्टेडियम की आउटफील्ड चर्चा में है और भारत-ए व ऑस्ट्रेलिया-ए महिला टीमों के बीच होने वाला मुकाबला अब मोहाली में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with