ताज़ा खबरेंहिमाचल

पंजाब के लिए निकली थी बीयर की बड़ी खेप, गरामोड़ा पहुंचते ही खुल गया राज; 150 पेटियां और वाहन जब्त, जांच में जुटा आबकारी विभाग


बिलासपुर के गरामोड़ा में राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीयर की 150 पेटियां बरामद की हैं। यह बीयर पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी, लेकिन इसे बिना जरूरी दस्तावेजों के हिमाचल प्रदेश लाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान विभाग ने बीयर की पूरी खेप के साथ वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, विभागीय टीम ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गरामोड़ा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से बीयर की 150 पेटियां बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि बीयर की पेटियों पर स्पष्ट रूप से ‘केवल पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित था। यानी यह खेप पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी। वहीं, वाहन चालक बीयर को हिमाचल लाने और इसके परिवहन से संबंधित कोई वैध प्रवेश-पत्र, अनुमति-पत्र या अन्य जरूरी दस्तावेज विभाग के सामने पेश नहीं कर सका।
इसके बाद आबकारी विभाग ने बीयर की पूरी खेप और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित इतनी बड़ी मात्रा में बीयर को हिमाचल क्यों लाया जा रहा था और इसे यहां कहां पहुंचाया जाना था।
विभाग संभावित गंतव्य के साथ-साथ इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रहा है।
उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी हरिश छेत्री ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों समेत जिले के अलग-अलग स्थानों पर नियमित नाकाबंदी और निगरानी की जा रही है। पंजाब समेत अन्य राज्यों से हिमाचल में अवैध रूप से शराब लाने के प्रयासों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with