हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! दो IAS अधिकारियों की बदली जिम्मेदारियां, अनुराग चंद्र शर्मा को मिली HPTDC की कमान

हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को दो आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 2016 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर राज्यपाल ने जनहित में दोनों अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किए हैं।
अनुराग चंद्र शर्मा वर्तमान में तैनाती की प्रतीक्षा में थे। अब उन्हें धर्मशाला, जिला कांगड़ा स्थित हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक (MD) पद पर नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी के साथ उन्हें निगम के प्रशासनिक कार्यों और प्रदेश में पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
वहीं डॉ. राजीव कुमार, IAS (HP:2017), जो वर्तमान में HPTDC के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे, अब कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करेंगे। उन्हें आगे की तैनाती के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की अधिसूचना के मुताबिक दोनों अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी। यह आदेश 22 सितंबर 2026 को शिमला से हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग की ओर से जारी किया गया है।


