दिल्ली दौरे और बैठकों के बाद हिमाचल की सियासत में हलचल तेज! मंत्रिमंडल विस्तार पर हाईकमान लेगा अंतिम फैसला, इन नामों की चर्चा


शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कई कैबिनेट मंत्रियों के दिल्ली दौरे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद अब सबकी नजरें हाईकमान के फैसले पर टिक गई हैं।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी नेतृत्व मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम तस्वीर साफ कर सकता है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के स्तर पर भी इस मामले को लेकर राय-मशविरा होने की चर्चाएं हैं।
इन विधायकों के नाम चर्चा में
मंत्री पद की संभावित दौड़ में कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री की पसंद, क्षेत्रीय संतुलन और कांग्रेस हाईकमान की राजनीतिक रणनीति के आधार पर होने की संभावना है।
उपमुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के कई मंत्रियों के दिल्ली दौरे ने भी इन चर्चाओं को और हवा दी है। नेता इन दौरों को व्यक्तिगत या संगठनात्मक कार्यक्रम बता रहे हैं, लेकिन एक साथ कई वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली सक्रियता के कारण मंत्रिमंडल विस्तार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।
विभागों में फेरबदल की भी चर्चा
दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों और फीडबैक के बीच प्रदेश कांग्रेस में यह चर्चा भी तेज है कि हाईकमान सरकार के कामकाज और मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहा है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ कुछ विभागों में फेरबदल की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
कैबिनेट बैठक नहीं होने को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लग रही हैं। हालांकि सरकार की ओर से इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया और जरूरी एजेंडे से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर सचिवालय नहीं पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को सचिवालय नहीं पहुंचे। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते उन्होंने ओकओवर में आराम किया। वहीं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह और चंद्र कुमार ने सचिवालय में कामकाज निपटाया।
कैबिनेट बैठक स्थगित होने पर क्या बोले रोहित ठाकुर?
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए शिमला आए थे। कई अन्य मंत्री भी शिमला में मौजूद थे। बैठक स्थगित होने की सूचना उन्हें वीरवार शाम को मिली। उन्होंने कहा कि बैठक क्यों स्थगित की गई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया कि कैबिनेट बैठक स्थगित होने को किसी तरह के मतभेद या मनमुटाव से जोड़ना सही नहीं है।
दिल्ली दौरे पर बोले—कुछ बातें सार्वजनिक नहीं होतीं
दिल्ली दौरे को लेकर रोहित ठाकुर ने कहा कि वह विभागीय कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली गए थे। इस दौरान पार्टी नेतृत्व से मुलाकात होना भी स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि हिमाचल सरकार और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल को लेकर भी बातचीत हुई है, लेकिन पार्टी से जुड़ी कुछ बातें आंतरिक होती हैं और उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
चंद्र कुमार बोले—मंत्रियों में कोई नाराजगी नहीं
कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने कहा कि मंत्री अक्सर हाईकमान से मिलने दिल्ली जाते रहते हैं और अपनी परफॉर्मेंस से पार्टी नेतृत्व को अवगत करवाते हैं। कुछ मंत्री पार्टी महासचिव तो कुछ प्रदेश प्रभारी से मुलाकात करते हैं।
उन्होंने कहा कि मंत्रियों में सरकार के खिलाफ किसी तरह की नाराजगी या अन्य कोई चर्चा नहीं है।




