98,719 आवेदन के बाद भी क्यों नहीं बढ़ेगी कांस्टेबल भर्ती की तारीख? CM सुक्खू ने विधानसभा में साफ किया रुख


हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर विधानसभा में बड़ा अपडेट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को विधानसभा में महत्वपूर्ण जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार पुरुष और महिला पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए 1 सितंबर 2026 शाम 7 बजे तक कुल 98,719 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
10 जुलाई को जारी हुआ था भर्ती विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों के लिए भर्ती विज्ञापन 10 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। ऑनलाइन आवेदन की प्रारंभिक अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।
इस तारीख तक करीब 65,000 अभ्यर्थी आवेदन कर चुके थे।
इसके बाद सरकार ने सभी अभ्यर्थियों को एकमुश्त एक वर्ष की आयु सीमा में छूट दी और आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाकर 21 अगस्त 2026 कर दी गई। इस दौरान करीब 11,000 और आवेदन प्राप्त हुए और कुल संख्या लगभग 77,000 हो गई।
इसके बाद हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स के कर्मचारियों को एकमुश्त पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट दी गई। साथ ही आवेदन की तारीख फिर 15 दिन बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 कर दी गई।
इस अवधि में करीब 21,000 आवेदन और प्राप्त हुए। इस तरह 1 सितंबर तक कुल आवेदन संख्या 98,719 पहुंच गई।
रोजाना अभी भी आ रहे सैकड़ों आवेदन
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान विस्तारित अवधि में भी रोजाना पुरुष अभ्यर्थियों से करीब 200 से 300 आवेदन और महिला अभ्यर्थियों से करीब 150 से 200 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।
31 अगस्त को पुरुष अभ्यर्थियों से 313 और 1 सितंबर को 294 आवेदन आए। वहीं, महिला अभ्यर्थियों से 31 अगस्त को 159 और 1 सितंबर को 129 आवेदन प्राप्त हुए।
ऑनलाइन पोर्टल में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह कहना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का ऑनलाइन पोर्टल सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन पोर्टल पूरी तरह सुचारू है और इसके संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा नहीं है।
5 सितंबर के बाद तारीख बढ़ाने से भर्ती में हो सकती है देरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांस्टेबल भर्ती के तहत आरएंडपी नियमों के अनुसार शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) प्रदेश के सभी 12 जिलों में पुलिस विभाग की ओर से आयोजित किए जाने हैं।
यदि आवेदन की अंतिम तिथि को फिर आगे बढ़ाया जाता है तो आगामी शीत ऋतु के कारण भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में मुश्किल आ सकती है। इससे भर्ती प्रक्रिया में करीब छह महीने की अतिरिक्त देरी होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए पहले ही पर्याप्त समय और अवसर दिया जा चुका है। इसलिए मौजूदा परिस्थितियों में 5 सितंबर 2026 के बाद आवेदन की अंतिम तिथि को और बढ़ाना उचित नहीं होगा।



