ताज़ा खबरेंमौसमहिमाचल

हिमाचल में बारिश का कहर, जनजीवन पूरी तरह प्रभावित

चंबा। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने जिला चंबा में व्यापक तबाही मचाई। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा गिरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा असर बिजली, सड़क और पेयजल व्यवस्था पर पड़ा।

भारी बारिश के कारण जिले के करीब 200 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क टूटने और पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

बिजली बोर्ड के अनुसार देर रात हुई बारिश के कारण जिले में 157 विद्युत ट्रांसफार्मर बंद हो गए थे। विभाग ने मंगलवार तक 117 ट्रांसफार्मरों को बहाल कर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी, जबकि शेष 40 ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। दुर्गम क्षेत्रों में टीमों को पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी कर्मचारियों को युद्धस्तर पर बहाली कार्य में लगाया गया है।

बारिश के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में 30 सड़कें बंद हो गई हैं। कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इससे दूरदराज के गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं, ताकि बंद मार्गों को जल्द यातायात के लिए बहाल किया जा सके।
जल शक्ति विभाग की 75 पेयजल योजनाएं भी भारी बारिश की चपेट में आ गईं। इनमें से 25 योजनाओं को बहाल कर दिया गया है, जबकि 50 योजनाओं को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विभाग का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही शेष योजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से बहाल कर दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बहाली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत दल भेजे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Share with